बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 9 सितंबर से यूएई में खेले जाने वाले एशिया कप 2025 के लिए अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। 16 सदस्यीय इस टीम की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास संभालेंगे, जिनकी कप्तानी में हाल में ही बांग्लादेश टीम का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। बांग्लादेश की टीम एशिया कप से ठीक पहले नीदरलैंड्स के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज घर पर भी खेलेगी जो 30 अगस्त से 3 सितंबर के बीच होगी।
काजी नुरुल हसन की हुई बांग्लादेश टीम में तीन साल बाद वापसी
एशिया कप 2025 के लिए बांग्लादेश टीम की 16 सदस्यीय स्क्वाड को लेकर बात की जाए तो उसमें तीन साल के बाद 31 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज काजी नुरुल हसन सोहन को जगह मिली है। नुरुल हसन ने पिछली बांग्लादेश के लिए टी20 इंटरनेशनल में साल 2022 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में खेला था। बांग्लादेश की टीम में नजमुल हुसैन शांतो को जगह नहीं मिली है जो बांग्लादेश टीम के पूर्व कप्तान भी हैं। वहीं मैच विनर गेंदबाज मेहदी हसन मिराज को रिजर्व प्लेयर्स में जगह मिली है। तेज गेंदबाजी में मुस्ताफिजुर रहमान और तस्कीन अहमद पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। बांग्लादेश की टीम को एशिया कप 2025 में ग्रुप-बी में जगह मिली है, जिसमें उनके साथ अफगानिस्तान, हांगकांग और श्रीलंका की टीम होगी।
एशिया कप 2025 के लिए बांग्लादेश टीम का स्क्वाड
लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहीद हृदयोय, जाकेर अली, शमीम हुसैन, काजी नुरुल हसन सोहन, शक महेदी हसन, रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम, शैफ उद्दीन।
रिजर्व खिलाड़ी - सौम्या सरकार, मेहदी हसन मिराज, तनवीर इस्लाम, हसन महमूद।
हांगकांग से खेलेगी अपना पहला मुकाबला
ग्रुप-बी में शामिल बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 11 सितंबर को हांगकांग टीम के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद बांग्लादेश टीम का दूसरा मुकाबला 13 सितंबर को श्रीलंका टीम से होगा, जबकि ग्रुप-बी में आखिरी मैच बांग्लादेश की टीम 16 सितंबर को अफगानिस्तान की टीम से खेलेगी।

