*व्हाट ए किस्मत* *पर जारी किये गए दो पोस्टकार्ड*
*सीहोर के लिसा टॉकीज में 22 मार्च को होगा प्रीमियर शो*
विशेष प्रतिनिधि
*मुम्बई/भोपाल।* फिलेटलिक सोसाइटी ऑफ़ इंडिया पीएसआई के 128वें स्थापना दिवस पर इंडो अमेरिकन सोसायटी हाल मुंबई में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आगामी 22 मार्च 2024 को रिलीज होने जा रही फिल्म *"व्हाट ए किस्मत"* पर आधारित दो प्राइवेट पिक्चर पोस्टकार्ड मुंबई में जारी किए गए।
ज्ञात रहे की मध्य प्रदेश के सीहोर में पहली बार संपूर्ण रूप से बनाई गई इस फिल्म के निर्माता वरिष्ठ समाजसेवी अखलेश राय, लीसा राय एवं अंशय राय हैं। फिल्म के लेखक एवं निर्देशक मोहन आजाद हैं।
*व्हाट ए किस्मत* पर आधारित दो पिक्चर पोस्टकार्ड जारी करते हुए पीएसआई के वरिष्ठ सदस्य श्री सुरेंद्र कोटडिया एवं श्री हाजी आबेद अली ने बहुत प्रसन्नता जताई कि पुराने जमाने को हमने पिक्चर पोस्टकार्ड के जरिए फिर से जीवित करने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि पुराने समय में बड़े-बड़े हीरो हीरोइन अपनी नई फिल्म आने पर अपने फोटो के साथ पिक्चर पोस्टकार्ड प्रशंसकों को भेज कर उनसे आग्रह किया करते थे कि उनकी फिल्म देखने के लिए थिएटर में जरूर जाएं।
कार्यक्रम में पीएसआई के लगभग 25 सदस्य एवं फिल्म के मुख्य कलाकार युद्धवीर दहिया तथा मानसी सहगल उपस्थित थीं। दोनों कलाकारों ने विस्तार से फिल्म में अपने रोल के बारे में बताया। फिल्म प्रोडक्शन टीम की ओर से शैलेंद्र कुमार गोहिया उपस्थित थे। उन्होंने फिल्म के बारे में सदस्यों को बताया तथा दोनों कलाकारों का परिचय भी सभी उपस्थितों कराया।
फिल्म *"व्हाट ए किस्मत"* के प्रमोशन के लिए इस अनोखी पहल को सभी सदस्यों ने बहुत पसंद किया एवं फिल्म के पिक्चर पोस्टकार्ड पर अधिकांश सदस्यों ने युद्धवीर दहिया तथा मानसी सहगल के ऑटोग्राफ लिए। दोनों कलाकारों ने पीएसआई सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सबसे अनुरोध किया कि आगामी 22 मार्च को रिलीज हो रही फिल्म व्हाट ए किस्मत थिएटर में जाकर जरूर देखें। क्योंकि सब ने इस फिल्म में बहुत दिल लगाकर मेहनत से अच्छा काम करने की कोशिश की है।
अंत में शैलेंद्र कुमार गोहिया ने फिल्म आधारित पिक्चर पोस्टकार्ड जारी करने में सहयोग करने के लिए पीएसआई के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सदस्यों ने भी पीएसआई की बैठक में नया दौर शुरू करने हेतु फिल्म टीम का आभार व्यक्त किया। फ़िल्म *व्हाट ए किस्मत* का प्रीमियर शो आगामी 22 मार्च को सीहोर के लिसा टॉकीज में होने जा रहा है। इस मौके पर फ़िल्म से जुड़े सभी प्रमुख कलाकार भी उपस्थित रहेंगे।



