संवाददाता - मनाराम यादव
कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय को उत्तर प्रदेश के खाद्य मंत्री ने सराहा :
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल को किसान हितैषी बताया, छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया की ली जानकारी
बिलासपुर, 25 नवंबर 2026/ उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय ने किसानों द्वारा 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता प्रदान करने के छत्तीसगढ़ सरकार के निर्णय की सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के इस निर्णय को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे श्री पांडेय ने आज सर्किट हाउस में खाद्य विभाग एवं सहकारी बैंक के अधिकारियों से चर्चा के दौरान राज्य में धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
श्री पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का यह निर्णय किसानों के हित में अच्छी पहल है। चर्चा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित मात्रा से कम धान विक्रय करने पर भी किसानों को पूरी आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है। इससे अपनी जरूरत के लिए धान सुरक्षित रखने अथवा कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी सहायता का पूरा लाभ मिल सकेगा। यह निर्णय किसानों को अपनी उपज के उपयोग और विक्रय के संबंध में सहूलियत देने के साथ उनकी आर्थिक सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

