Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

अधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने और दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश: NN81

 

 संवाददाता : प्रहलाद कुमार सिन्हा 

जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक सम्पन्न


अधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने और दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश: 

कोंडागांव, 13 नवंबर 2026/ डीएमएफ की शासी परिषद की बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी उपस्थित रहे। वहीं बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। इसके साथ ही कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा सहित शासी परिषद के सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


बैठक को संबोधित करते हुए कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 40 वर्षों तक माओवाद के कारण बस्तर क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ गया था। अब नक्सलवाद की समाप्ति के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार का पूरा ध्यान बस्तर के समग्र विकास पर केंद्रित है। क्षेत्र में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की है।


उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनसेवा की भावना से कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। माओवाद की समाप्ति के बाद की परिस्थितियों में युवा पीढ़ी को सही दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना केन्द्र एवं राज्य से साकार नहीं होगा, बल्कि इसके लिए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। 


बैठक में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन तथा छात्रावासों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनका समयबद्ध निराकरण करना चाहिए तथा पूरी जवाबदेही के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।


केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने कहा कि कोंडागांव जिला विकसित भारत की परिकल्पना का एक अभिन्न अंग है। यहां की शिल्पकला, संस्कृति, रहन-सहन, कानून व्यवस्था और कृषि का स्तर अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि सप्ताह में कम से कम दो दिन दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां की समस्याओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि पूर्व में नक्सलवाद के कारण इन क्षेत्रों में पहुंचने में कठिनाइयां और भय की स्थिति रहती थी, लेकिन अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। ऐसे में अधिकारियों को दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी ताकत और प्रतिबद्धता के साथ काम करना चाहिए।


कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रगति की जानकारी के साथ जिले में धान खरीदी की तैयारी की भी विस्तृत जानकारी दी और बताया कि किसानों से कृषक उन्नति योजना के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही है। बैठक में जनहित से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन, शासकीय योजनाओं के प्रभावी संचालन तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण करने और अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जनसेवा की भावना, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जिले के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes