Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

महाबली अखाड़े के पास करीब 10 बीघा भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, पेड़-पौधों को भी पहुंचाया जा रहा नुकसान : NN81


 सरदारनगर में चरागाह भूमि पर अतिक्रमण से पशुपालक परेशान, प्रशासन से कार्रवाई की मांग : 

महाबली अखाड़े के पास करीब 10 बीघा भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, पेड़-पौधों को भी पहुंचाया जा रहा नुकसान : 

बनेड़ा (भीलवाड़ा) = पंचायत समिति क्षेत्र की सरदारनगर ग्राम पंचायत में चरागाह एवं बिलानाम भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। चरागाह भूमि पर कच्चे-पक्के निर्माण और अवैध कब्जों के चलते पशुपालकों को पशुओं के विचरण और चारे की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार प्रशासन को ज्ञापन देने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।

सोमनाथ गोशाला संचालक रामपाल कुमावत ने बताया कि सरदारनगर गांव में महाबली अखाड़े के आगे स्थित चरागाह भूमि पर अवैध बस्ती बसाई गई है। आरोप है कि यहां बाहरी राज्यों सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग रह रहे हैं। कुमावत के अनुसार भू एवं बजरी माफियाओं की मिलीभगत से आसपास के क्षेत्र में अवैध मिट्टी और बजरी खनन किया जा रहा है। साथ ही चरागाह भूमि पर लगे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाकर पर्यावरण को भी प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने करीब 10 बीघा चरागाह एवं बिलानाम भूमि पर अवैध कब्जे होने का आरोप लगाया।

रामपाल कुमावत ने आरोप लगाया कि गांव में नियमित रोड लाइट की सुविधा का अभाव है, जबकि कथित अवैध बस्ती में बिजली, पानी और खंभों पर रोड लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि कुछ कब्जाधारियों के गांव में पहले से मकान और खेत होने के बावजूद चरागाह भूमि पर दोबारा मकान और बाड़े बनाए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग जमीन पर कब्जा कर उसे बेच देते हैं और बाद में दूसरी जगह कब्जा कर लेते हैं।


पहले भी जब्त हो चुका है बजरी का स्टॉक

ग्रामीणों के अनुसार चरागाह भूमि पर बसी कथित अवैध बस्ती में अवैध खनन से लाकर बजरी के स्टॉक किए गए थे। 13 जुलाई को पुलिस एवं प्रशासन की ओर से कार्रवाई करते हुए बजरी के इन स्टॉक को जब्त किया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण की समस्या पर प्रभावी रोक नहीं लगने का आरोप लगाया जा रहा है।


पर्यावरण प्रेमियों के लगाए पेड़ों पर भी संकट

सरदारनगर गांव के युवा पर्यावरण प्रेमियों द्वारा महाबली अखाड़े के पास लगाए गए पेड़-पौधों को भी कथित अतिक्रमण की चपेट में लिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार नए कब्जे किए जा रहे हैं, जिससे हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रयास प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने प्रशासन से चरागाह और बिलानाम भूमि की निष्पक्ष जांच करवाने, अवैध कब्जों को चिह्नित कर हटाने, अवैध खनन पर रोक लगाने तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में पशुओं के चरने के लिए उपलब्ध भूमि और पर्यावरण दोनों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes