लोकेशन : छत्तीसगढ़ जिला कोंडागांव जिला
संवाददाता : प्रहलाद सिन्हा
84 गांवों की आस्था के केंद्र पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर मुख्यमंत्री ने की प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
आदिवासी परंपरा के अनुसार किया आत्मीय स्वागत, मुख्यमंत्री के सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर किया सम्मान
कोण्डागांव, 23 नवम्बर 2026/* मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कोण्डागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम धनोरा के बाजार पारा में स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज की पारंपरिक आस्था और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और कल्याण की कामना की।
खण्डा मुदिया बस्तर अंचल के आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक मान्यताओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। पेन खण्डा मुदिया कोनगुड़ परगना के मुख्य पेन के रूप में पूजा जाता है। इस परगना के अंतर्गत 84 गांव आते हैं, जिनकी धार्मिक आस्था और पारंपरिक व्यवस्थाओं में पेन खण्डा का विशेष स्थान है। आदिवासी समाज में पेन खण्डा मुदिया के प्रति गहरी श्रद्धा और विश्वास है।मरई परिवार खण्डा मुदिया के सेवक हैं और इस अंचल के सभी बारा बानी बिरादरी के सदस्य खण्डा मुदिया की सेवा अर्जी में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शामिल होते हैं।
स्थानीय परंपरागत मान्यताओं के अनुसार पेन खण्डा मुदिया को 18 जिलों के राजा के रूप में भी सम्मान दिया जाता है। आदिवासी समाज की पारंपरिक धार्मिक व्यवस्था में उनका विशिष्ट महत्व है। कोनगुड़ परगना के अंतर्गत आने वाले 84 गांवों के ग्रामीण पेन खण्डा मुदिया को अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। यह आस्था पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाजों और सामाजिक एकता से जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री श्री साय के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समुदाय ने उनका आत्मीय स्वागत किया। साथ ही आदिवासी रीति-रिवाजों और पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया तथा उनके सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक अतिथि सत्कार की झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पेन खण्डा मुदिया के दर्शन के दौरान आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों के सुखमय जीवन, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल,सांसद कांकेर श्री भोजराज नाग, विधायक कोंडागांव एवं उपाध्यक्ष बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण सुश्री लता उसेंडी, विधायक केशकाल श्री नीलकंठ टेकाम सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधी और जागा बूढ़ा पुजारी श्री सुरजू राम मण्डावी, पेन खण्डा मुदिया पुजारी श्री अजय मण्डावी, गायता पुजारी श्री राम सिंह मण्डावी, गढ़ पुजारी श्री बंशी मण्डावी, सिरहा रयनु मण्डावी, भूमिक श्री रत्तू मण्डावी समेत बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

