शिलान्यास कार्यक्रमों से विकास कार्यों को मिलेगी नई गति, लोकार्पण से आमजन को मिलेगा सीधा लाभ- मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास को नई गति
पीएचईडी विभाग मंत्री ने समारोह में मौजूद आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक अधोसंरचना के विकास एवं किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक क्षेत्र समग्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।
शिलान्यास कार्यक्रम
कैबिनेट मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी ने जहाजपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशाषी अभियंता कार्यालय के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही फल एवं सब्जी मंडी स्थापना कार्य का भी भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। वहीं नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अधिशाषी अभियंता कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों के संचालन में गति आएगी तथा आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। वहीं फल एवं सब्जी मंडी बनने से किसानों को अपनी उपज के विपणन के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं, उचित मूल्य एवं व्यापारिक अवसर उपलब्ध होंगे। पेयजल परियोजना के माध्यम से नगर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान बोराणी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में नवनिर्मित चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही बोराणी से सहलादाता तक निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण, सरसिया में 2000 केएल क्षमता के उच्च जलाशय एवं पाइपलाइन निर्माण कार्य का लोकार्पण तथा पीपलून्द में डीएमएफटी मद से निर्मित पाइपलाइन कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के प्रारंभ होने से शिक्षा, सड़क, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
स्थानीय विधायक ने विकास कार्यों को बताया क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि
जहाजपुर विधायक श्री गोपीचंद मीणा ने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि अधिशाषी अभियंता कार्यालय, फल एवं सब्जी मंडी, पेयजल, शिक्षा एवं सड़क से जुड़े कार्य क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से किसानों, विद्यार्थियों एवं आमजन को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा तथा जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
इस दौरान निवर्तमान प्रधान जहाजपुर श्री कौशल किशोर शर्मा, नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष श्री नरेश मीणा सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि,अधिकारी व आमजन मौजूद रहे।


