जिला ब्यूरो आकाश कुमार
दिनांक: 21 / 08/ 2026
जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के साथ सघन कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, नशामुक्ति अभियान को गति देने तथा युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई में और अधिक प्रभावशीलता एवं समन्वय लाने का निर्देश दिया।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को गांजा, अवैध कफ सिरप सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध सघन एवं औचक छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उसके विरुद्ध प्रभावी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
आदतन अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
उपायुक्त ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आदतन अपराधियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी
उपायुक्त ने कहा कि युवाओं और स्कूली बच्चों को नशे से बचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए विद्यालयों, +2 उच्च विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, नियमित निगरानी एवं औचक निरीक्षण करने तथा नशीले पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
शैक्षणिक संस्थानों के निर्धारित दायरे में आने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं दुकानदारों से निर्धारित प्रपत्र में स्व-घोषणा पत्र भरवाने का निर्देश दिया गया कि उनके प्रतिष्ठान से किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं की जा रही है।
सीमावर्ती एवं दियारा क्षेत्रों पर विशेष नजर
जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों एवं विशेषकर दियारा क्षेत्रों के माध्यम से मादक पदार्थों के संभावित अवैध परिवहन को रोकने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा निरंतर औचक निरीक्षण एवं निगरानी अभियान चलाने का निर्देश अनुमंडल प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया।
जागरूकता से बनेगा नशामुक्त समाज
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को जिले के +2 उच्च विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान संचालित करने का निर्देश दिया, ताकि युवाओं तक नशे के दुष्परिणाम एवं स्वस्थ जीवनशैली का सकारात्मक संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
समन्वित प्रयास से बनेगा नशामुक्त साहिबगंज
उपायुक्त ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रवर्तन, निगरानी, जागरूकता एवं नशामुक्ति से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सख्त कार्रवाई, सतत निगरानी और व्यापक जन-जागरूकता के समन्वित प्रयास से ही साहिबगंज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त एवं युवाओं के लिए सुरक्षित जिला बनाया जा सकता है।

