पिपरई नगर की रहने वाली काजल विश्वकर्मा पिछले करीब एक सप्ताह से लापता है। परिजनों के मुताबिक काजल 14 अगस्त को घर से बिना बताए कहीं चली गई, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बताया जा रहा है कि काजल पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही है और गुना के एक डॉक्टर से उसका इलाज भी चल रहा है। परिजनों के अनुसार वह ज्यादा लोगों से बातचीत नहीं करती और कई बार अपनी बात भी ठीक से नहीं बता पाती।
काजल के घर से लापता होने के बाद परिजनों ने 14 अगस्त को पिपरई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं, उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी साझा कर लोगों से तलाश में मदद की अपील की गई है। लेकिन करीब एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद काजल का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
युवती के लापता होने से परिवार बेहद चिंतित है। परिजनों को आशंका है कि कहीं वह किसी अनजान या गलत व्यक्ति के संपर्क में न आ गई हो। परिवार ने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों से भी अपील की है कि यदि काजल विश्वकर्मा के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिजनों या पुलिस को सूचित करें।
काजल की तलाश जारी है और परिवार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।

