संपूर्णानगर खीरी।
पीयूष गुप्ता
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आ रहा है। शनिवार को पलिया एसडीएम पुष्कर ने संपूर्णानगर क्षेत्र के बसही स्थित 49वीं वाहिनी एस एस बी चौकी और सीमावर्ती इलाकों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने भारत और नेपाल के बीच आवाजाही करने वाले नागरिकों के पहचान पत्र, नागरिकता प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की। एसडीएम पुष्कर ने संपूर्णानगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, पुलिस बल और एसएसबी के जवानों के साथ सीमा पर पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा पार से होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि और अवैध आवाजाही पर कड़ी नजर रखने के निर्देश जारी किए।
मीडिया से बातचीत में एसडीएम पुष्कर ने स्पष्ट किया कि सीमा पार से आने-जाने वाले प्रत्येक नागरिक की पहचान सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एसएसबी और स्थानीय पुलिस को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर 24 घंटे अलर्ट रहने तथा निरंतर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।

