सशस्त्र सीमा बल के डीआईजी ने किया भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण, ग्रामीणों और नेपाल एपीएफ के साथ की बैठक :
पलिया खीरी ।एसएसबी सीमांत मुख्यालय रानीखेत के उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत 39वीं वाहिनी पलिया के अंतर्गत सीमा चौकी सरियापारा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती गांव सरियापारा के ग्रामीणों के साथ एक बैठक की। बैठक में सीमा क्षेत्र की सुरक्षा, स्थानीय समस्याओं और भारत-नेपाल सीमा पर आपसी समन्वय को लेकर चर्चा की गई। डीआईजी ने ग्रामीणों से अपील की कि सीमा क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अवैध आवागमन दिखने पर तुरंत एसएसबी को सूचित करें। ग्रामीणों ने भी सीमा सुरक्षा में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।
इसके बाद उप महानिरीक्षक ने गौरीफंटा चेक पोस्ट का निरीक्षण किया और वहां तैनात जवानों से सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी और आवागमन नियंत्रण की जानकारी ली। उन्होंने जवानों को हमेशा सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में गौरीफंटा चेक पोस्ट पर नेपाल की एपीएफ के अधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक भी आयोजित की गई।
बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल, सीमा प्रबंधन, सूचनाओं के आदान-प्रदान और सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। इस मौके पर 39वीं वाहिनी के उप कमांडेंट (प्रचालन) विजयेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

