जलवायु परिवर्तन जागरूकता विषय पर एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित :
भीलवाड़ा : राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में जलवायु परिवर्तन जागरूकता विषय पर एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सावन कुमार जांगिड़ द्वारा की गई।
कार्यक्रम के मुख्यवक्ता, सुप्रसिद्ध पर्यावरणविद् प्रोफेसर श्याम सुंदर भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन वैश्विक स्तर पर एक बड़ी चुनौती है। इसे रोकने के लिए हमें प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण और सीमित प्रयोग करना होगा। उन्होंने छात्राओं से अपनी जीवनशैली में पर्यावरण-अनुकूल बदलाव लाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर बी.एल. जागेटिया ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जलवायु परिवर्तन के विभिन्न पक्षों और पर्यावरण पर पड़ने वाले इसके दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसी क्रम में प्रोफेसर सुखलाल हिरण तथा प्रोफेसर कश्मीर भट्ट ने भी विचार व्यक्त करते हुए युवा पीढ़ी में जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के महत्व को रेखांकित किया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन विषय पर एक पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था। इसमें छात्राओं ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को प्राचार्य एवं अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य ने सभी संकाय सदस्यों और छात्राओं को इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के संकाय सदस्य, व्याख्याता और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

