बनास नदी में अवैध खनन पर मंगरोप पुलिस का बड़ा एक्शन:तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,एक गिरफ्तार,61 प्रकरण दर्ज कर जिले में सबसे आगे पहुंचा थाना :
मंगरोप = जिले में अवैध खनन के खिलाफ मंगरोप थाना पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।थाना प्रभारी विजय मीणा के नेतृत्व में बुधवार देर शाम बनास नदी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन में लिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कीं तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया।पुलिस कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कलुंदिया गांव से तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुवारडी गांव क्षेत्र से जब्त की गई।सभी वाहनों को एमएमडीआर एक्ट के तहत जप्त कर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।खनन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई है।लगातार सख्त कार्रवाई का ही परिणाम है कि मंगरोप थाना अब तक अवैध खनन के 61 प्रकरण दर्ज कर जिले में सर्वाधिक कार्रवाई करने वाला पहला थाना बन गया है।पुलिस की इस सक्रियता से अवैध बजरी खनन एवं परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।पुलिस का कहना है कि बनास नदी क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

