उप वन संरक्षक झालावाड़ के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे अवैध लकड़ी परिवहन एवं चिरान रोकथाम अभियान के तहत वन विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। सघन गश्त अभियान के दौरान पिड़ावा रेंज की टीम ने अवैध लकड़ी का परिवहन करते हुए
एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।
वन विभाग के अनुसार, 9 जून 2026 को नियमित गश्त के दौरान पिड़ावा रेंज की टीम ने संदिग्ध अवस्था में आ रहे एक ट्रैक्टर को रुकवाकर जांच की। तलाशी लेने पर ट्रैक्टर में अवैध रूप से परिवहन की जा रही लकड़ियां पाई गईं।
संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को लकड़ी सहित जब्त कर लिया।
जब्त वाहन को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए रेंज कार्यालय पिड़ावा परिसर में खड़ा कराया गया है।
विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में सहायक वनपाल रामेश्वर प्रसाद शर्मा एवं सुरेंद्र सिंह झाला के नेतृत्व में वनरक्षक टीम के सदस्य हंसराज मीणा, लालसिंह गुर्जर, देवेंद्र सिंह, मोहित शर्मा, मोनिका खेदड़ एवं पूजा जोधा
ने सक्रिय भूमिका निभाई।
वन विभाग ने बताया कि जिले में अवैध लकड़ी परिवहन और चिरान के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
