पिड़ावा। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर पालिका परिसर में वार्ड संख्या 4 के लिए शहरी सेवा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए कई मामलों का निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान वार्ड क्षेत्र की नालियों में जमा कीचड़ की सफाई करवाई गई, जिससे मोहल्लेवासियों को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत मिली।
वहीं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी ठीक कराया गया, जिससे क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर हुई और नागरिकों को सुविधा मिली।
शिविर में धारा 69-ए के तहत पट्टा जारी करने के लिए आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा पात्र एवं आवासहीन परिवारों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवेदन जमा किए। स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत भी कई हितग्राहियों ने ऋण सुविधा प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।
नगर पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
अधिकारियों ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे और उन्होंने सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
नगर पालिका प्रशासन ने आमजन से आगामी शिविरों में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
