जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने आसींद विधानसभा क्षेत्र के उपखंड करेड़ा के ग्राम बेमाली का दौरा कर राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण रथ कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्रामीण रथ के आगमन पर रथ संचालक का माला पहनाकर स्वागत किया तथा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिला कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए ग्रामीण रथ एक प्रभावी माध्यम है, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल रही है।
उन्होंने एलईडी वैन के माध्यम से प्रदर्शित की जा रही योजनाओं की जानकारी का अवलोकन किया और ग्रामीणों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने योजनाओं के प्रति रुचि दिखाते हुए जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुश्री रेखा गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
