वर्धा जिल्हे के हिंगणघाट के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर होटल तनवीर सगुना फैक्ट्री के पास आज एक बेहद भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी 6 वर्षीय मासूम बच्ची शामिल है।मिली जानकारी के अनुसार, गजानन वानखेडे (उम्र 45 वर्ष), पल्लवी वानखेडे (उम्र 38 वर्ष) और आरोही वानखेडे (उम्र 6 वर्ष) अपनी मोपेड क्रमांक MH 32 AM 1694 से ससुराल से कपड़ों की खरीदारी करने के लिए हिंगणघाट आ रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण टक्कर में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही हिंगणघाट पुलिस और 112 टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
विशेष बात यह है कि मृत हुई आरोही एक जुड़वा बहन थी और उसके पीछे एक और बहन है। वानखेडे परिवार समुद्रपुर तहसील के कुरला गांव का निवासी बताया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।
वर्धा से सतीश काळे की रिपोर्ट
