नाकाबंदी के दौरान आरोपी दबोचा, मोटरसाइकिल जब्त, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माण्डल थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल व मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार अवैध हथियार तस्करी व वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहाड़ा बुधराज खटीक व पुलिस उप अधीक्षक वृत माण्डल राहुल जोशी के सुपरविजन में थाना प्रभारी आयुष श्रोत्रिय (आईपीएस प्रोबेशनर) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
घटना के अनुसार 26 अप्रैल 2026 को माण्डल चौराहा पर गश्त के दौरान डीएसटी से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने भदाली खेड़ा के आगे गौरव पथ पर नाकाबंदी की। इस दौरान रायला की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोहिल खान पुत्र शफी खान निवासी निम्बाहेड़ा कलां, थाना बनेड़ा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल व मैगजीन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 126/26 धारा 9/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम:
कार्रवाई में थाना प्रभारी आयुष श्रोत्रिय, उपनिरीक्षक हेमेन्द्र सिंह, कैलाश चन्द्र सहित डीएसटी व माण्डल थाना पुलिस के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
