खिरकिया क्षेत्र में पत्रकारों के विरुद्ध कथित झूठी शिकायत दर्ज कर दबाव बनाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में श्रमजीवी पत्रकार संघ की हरदा इकाई के बैनर तले, जिलाध्यक्ष मोहम्मद जफर खान के मार्गदर्शन में तथा जिले में सक्रिय अन्य पत्रकार संगठनों के सहयोग से पत्रकारों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक हरदा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन के अनुसार, 21 सितंबर 2024 की रात लगभग 9:30 बजे खिरकिया नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित एक निजी क्लिनिक के पीछे संचालित गैस गोदाम पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई थी। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित थे। अधिकारियों के निर्देश पर पत्रकारों द्वारा उक्त कार्रवाई का वीडियो कवरेज किया गया।
पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के पश्चात संबंधित पक्ष द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया गया तथा हाथापाई की गई। घटना के दौरान मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित पक्ष द्वारा बाद में पत्रकारों के विरुद्ध झूठी शिकायत प्रस्तुत कर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। पत्रकारों का कहना है कि उनके द्वारा प्रकाशित समाचार तथ्यात्मक एवं उपलब्ध साक्ष्यों तथा अधिकारियों के बयानों पर आधारित था।
पत्रकार संगठनों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही घटना स्थल पर मौजूद अधिकारियों के बयान, उपलब्ध वीडियो/फोटो साक्ष्य एवं दस्तावेजों का परीक्षण किया जाए। यदि शिकायत असत्य या दुर्भावनापूर्ण पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
पत्रकारों ने यह भी मांग की है कि जांच पूर्ण होने तक उन्हें अनावश्यक उत्पीड़न से संरक्षण प्रदान किया जाए, ताकि वे निष्पक्ष रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। इस दौरान श्रम जीवी पत्रकार संघ के जिला इकाई अध्यक्ष मोहम्मद जफर अंसारी, राष्टीय पत्रकार संघ भारत से संभागीय अध्यक्ष गोपाल शुक्ला संजय दुवे शेख अफरोज अनिल मालवीय सुनील राठौर सुनील मालाकार राकेश खरका राजेन्द्र बिल्लौरे अमित बिले वसीम खान अखिलेश बिल्लोरे संजू नामदेव कीर्तन ओनकर अकील खान मोहन नागले मोहन गुर्जर आनंद सरवरे अंकुश विश्वकर्मा कमलेश सराटे अभिषेक दमाडे अमजद खान सहित अन्य पत्रकारगण मोजूद थे।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
एडिशनल एसपी का कहना मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी अगर झूठी शिकायत पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता अनिल मालवीय
