भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की अभिनव पहल “खेलेंगे तो खिलेंगे” विधायक खेल विकास योजना के अंतर्गत एसएमएम गर्ल्स कॉलेज मैदान पर लगभग तीन माह पूर्व शुरू की गई नन्हे बच्चों की स्पोर्ट्स अकादमी को लगातार अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। अभिभावकों का इस योजना पर विश्वास बढ़ता जा रहा है और वे अपने छोटे बच्चों को प्रशिक्षकों के भरोसे नियमित रूप से प्रशिक्षण के लिए भेज रहे हैं।
गर्ल्स कॉलेज के कोच दिनेश सोलंकी एवं मनीषा सोलंकी ने बताया कि अकादमी में बच्चों को हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स, हूला हूप, स्केटिंग, रनिंग सहित मिट्टी के मैदान पर खेले जाने वाले विभिन्न खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निरंतर अभ्यास से बच्चों में छिपी प्रतिभाएं भी सामने आने लगी हैं।
अभिभावकों ने इस सार्थक योजना का समर्थन करते हुए विधायक अशोक कुमार कोठारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों को मोबाइल, टीवी एवं इंटरनेट की लत से दूर रहने में मदद मिल रही है, साथ ही उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास भी बेहतर हो रहा है।
खेल विकास योजना के संयोजक शिक्षाविद विवेक निमावत एवं प्रमुख कोच अजीत जैन ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य भीलवाड़ा के खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है, ताकि वर्ष 2036 के ओलंपिक में भी यहां के खिलाड़ी भागीदारी कर सकें।
