सुकमा/छिंदगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य में इन दिनों शासकीय एवं निजी स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इसी बीच आधार कार्ड सुधार एवं अपडेट का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है, जिससे स्कूली बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छिंदगढ़ ब्लॉक अंतर्गत शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को आधार कार्ड अपडेट कराकर लाने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि अपार (APAAR) आईडी कार्ड बनाया जा सके। लेकिन यह प्रक्रिया परीक्षा के दौरान शुरू होने से छात्रों की पढ़ाई और उपस्थिति दोनों प्रभावित हो रही हैं।
अभिभावकों का कहना है कि आधार सुधार और अपडेट के लिए कई बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लंबी कतारें, तकनीकी समस्याएं और दस्तावेज़ों की कमी जैसी दिक्कतों के कारण बच्चों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है। इससे वे न तो वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी सही ढंग से कर पा रहे हैं और न ही नियमित रूप से स्कूल जा पा रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि यदि शिक्षा विभाग द्वारा आधार अपडेट की जानकारी पहले ही दे दी जाती, तो परीक्षा के समय यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उनका कहना है कि स्कूल खुलने के शुरुआती महीनों में यह कार्य पूरा कराया जाना चाहिए था, न कि परीक्षा के ठीक पहले।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग की है कि परीक्षा अवधि में आधार अपडेट की बाध्यता को स्थगित किया जाए या इसके लिए अलग से विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं, ताकि बच्चों के भविष्य पर किसी प्रकार का नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
जिला ब्यूरो चीफ प्रमोद कुमार नाग की रिपोर्ट
