पीएम सुरक्षा बीमा योजना एवं पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना में लोगों को करें लाभान्वित
पशु कल्याण समिति एवं डीएलसीसी की बैठक संपन्न
मंदसौर 23 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में पशु कल्याण समिति एवं जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने पशुपालन विभाग को निर्देश दिए कि अभिव्यक्ति स्थल पर प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले जैविक हाट बाजार में ऑर्गेनिक डेरी उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि जैविक डेरी उत्पादों को शामिल करने से अधिक से अधिक लोगों को शुद्ध एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। कलेक्टर ने सभी गौशालाओं में बेसिक प्रोसेसिंग की व्यवस्था विकसित करने तथा ऑर्गेनिक खाद एवं अन्य उत्पाद के संबंध में निर्देश भी दिए।
जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना, उद्यम क्रांति योजना, जिला अंत्यव्यवसाय योजना, संत रविदास योजना, टाट्या मामा योजना, आर्थिक कल्याण योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना सहित पशुपालन, उद्यानिकी, कृषि विभाग एवं नगरीय निकाय अंतर्गत पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
