मदनलाल बर्मन की रिपोर्ट
उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली के हृदय स्थल में स्थित जगत जननी माता बिरासिनी देवी मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब भगवान काल भैरव की प्रतिमा का भव्य एवं विधि-विधानपूर्वक स्थापना कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी लाखों-हजारों श्रद्धालु माता बिरासिनी के दरबार में पहुंचे और काल भैरव भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम में विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन, हवन, अभिषेक एवं आरती संपन्न कराई गई। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भगवान काल भैरव की विशेष पूजा की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
प्रतिमा स्थापना के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशेष भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था मंदिर समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से की गई, जो देर शाम तक जारी रही। आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही।
स्थानीय पुजारियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि भगवान काल भैरव की प्रतिमा स्थापना से मंदिर की धार्मिक गरिमा और अधिक बढ़ी है। मान्यता है कि काल भैरव की आराधना से भक्तों को भय, संकट और बाधाओं से मुक्ति मिलती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल देखा गया और श्रद्धालुओं ने इसे ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बताया।
