बंगलापारा उचित मूल्य दुकान में मनाया गया रजत जयंती चावल उत्सव
लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
राशन कार्ड ई-केवाईसी को लेकर हितग्राहियों को किया गया जागरूक
नारायणपुर, 09 जनवरी 2026// राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला नारायणपुर के बंगलापारा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में रजत जयंती चावल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जय प्रकाश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही शामिल हुए। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी, जिला प्रबंधक तथा नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा हितग्राहियों को योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को राशन कार्ड के ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिन बच्चों की आयु पांच वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके आधार अपडेट कराकर ई केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराना आवश्यक है, जिससे भविष्य में राशन वितरण में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जय प्रकाश शर्मा ने हितग्राहियों से शासन के निर्देशों का पालन करने और समय पर ई केवाईसी कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि ई केवाईसी से राशन वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुचारु बनेगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा ई केवाईसी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और सहायता केंद्रों की जानकारी भी हितग्राहियों को दी गई।
