राजस्थान राजसमंद जिले की कोठारिया पंचायत के खोखा ढाणी गांव के ग्रामीणों ने पंचायत पुनर्गठन को लेकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी आपत्तियों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि खोखा ढाणी गांव को वर्तमान पंचायत कोठारिया से अलग कर नवीन पंचायत कल्ला खेड़ी में शामिल कर दिया गया है, जबकि इस संबंध में न तो ग्रामीणों से कोई आपत्ति आमंत्रित की गई और न ही जनसुनवाई की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा बिना स्थानीय सहमति के एकतरफा निर्णय लिया गया है।
ग्रामीणों ने भौगोलिक परिस्थितियों और दूरी का हवाला देते हुए बताया कि खोखा ढाणी गांव वर्तमान कोठारिया पंचायत मुख्यालय से मात्र करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जबकि नवीन पंचायत कल्ला खेड़ी गांव से इसकी दूरी लगभग 8 से 10 किलोमीटर है। ऐसे में प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं और दैनिक जरूरतों के लिए ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि खोखा ढाणी गांव को यथावत कोठारिया पंचायत में ही रखा जाए। इस मौके पर कोठारिया पंचायत के प्रशासक सरपंच अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
