राजस्थान राजसमन्द जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र में अपराध पर लगाम कसने के लिए नव नियुक्त सीआई रामचन्द्र कुमावत ने सर्द रातों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए रात्रि गश्त तेज कर दी है। पुलिस टीम के साथ युवा पुलिस मित्रों को भी सक्रिय करते हुए पूरे क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है।
सीआई कुमावत ने मंगलवार देर रात कुंवारिया शहर समेत धनोली, साकरोदा, बिनोल, पिपली अहिरान सहित आसपास के गांवों में पहुंचकर निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने युवा पुलिस मित्रों से मुलाकात कर उन्हें हर समय सतर्क रहने और गांव में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों और युवाओं का सहयोग अपराध रोकने में बेहद महत्वपूर्ण है। समय रहते सूचना मिलने पर वारदातों को रोका जा सकता है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।
सीआई कुमावत ने व्यापारियों को भी सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रखने की सलाह दी, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में फुटेज महत्वपूर्ण सबूत के रूप में काम आ सके और मामलों का खुलासा शीघ्र हो।
ठंडी रातों में ऊनी वस्त्रों में लिपटी पुलिस टीम लगातार गश्त कर अपनी ड्यूटी निभा रही है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस जाप्ता भी उनके साथ मौजूद रहा।
क्षेत्र में बढ़ी इस चौकसी से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और बदमाशों पर पुलिस का स्पष्ट संदेश अब ढिलाई नहीं, सुरक्षा सबसे पहले।
