राजसमंद।
विधायक और सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत।
राजसमंद। गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने और जन-जागरूकता के उद्देश्य से परम गौ भक्त मनीष पुरोहित द्वारा राजसमंद से जयपुर (मुख्यमंत्री आवास) तक की 'गौ सम्मान प्रार्थना पदयात्रा' का शनिवार को शुभारंभ हुआ। यात्रा की शुरुआत पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ प्रन्यास श्री द्वारकाधीश मंदिर से हुई, जहाँ मंदिर अधिकारी भगवती लाल पालीवाल एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मनीष पुरोहित का समाधान, माला एवं उपरना ओढ़ाकर स्वागत कर यात्रा की सफलता का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर राजस्थान गौसेवा समिति के जिलाध्यक्ष जेठूसिंह राजपुरोहित, महामंत्री सुशील बडाला, कोषाध्यक्ष सुंदर लाल विजयवर्गीय, चिकित्सा प्रभारी तेजाराम कुमावत, सहमंत्री जितेंद्र लड्ढा और आदित्य सिंह ने पदयात्री का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक मीठालाल शर्मा और द्वारकेश व्यायामशाला के कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहवर्धन करते हुए यात्रा को रवाना किया।
यात्रा के मुख्य चौपाटी पहुँचने पर राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुरोहित का भव्य स्वागत किया। विधायक माहेश्वरी ने गौ माता के सम्मान में की जा रही इस कठिन यात्रा की सराहना करते हुए मनीष पुरोहित के संकल्प को अनुकरणीय बताया और यात्रा के सकुशल जयपुर पहुँचने की कामना की। पदयात्रा का उत्साह शहर में देखते ही बना, जहाँ 100 फीट रोड, सनवाड़ चौराहा और अभिषेक मार्बल भगवान्दा पर भी स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों द्वारा भव्य स्वागत-सत्कार किया गया। यह यात्रा जयपुर पहुँचकर मुख्यमंत्री को गौ संरक्षण और सम्मान हेतु ज्ञापन सौंपेगी।
