न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण माली
भीलवाड़ा = गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, भीलवाड़ा में 63वां गृह रक्षा स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं अनुशासनपूर्वक मनाया गया। समादेष्टा श्री ललित व्यास के निर्देशन में मुख्य आरक्षी श्री शान्तिलाल द्वारा प्रातः 08:15 बजे ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके उपरांत गृह रक्षा निदेशालय, राजस्थान, जयपुर से प्राप्त बधाई संदेशों का वाचन किया गया तथा जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। विभिन्न उपकेन्द्रों पर स्वच्छता अभियान भी सफलतापूर्वक संचालित किया गया।
06 दिवसीय पखवाड़ा कार्यक्रम 01 से 06 दिसंबर 2025 तक पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत अनेक सांस्कृतिक, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें वाद-विवाद प्रतियोगिता, सुलेख लेखन, वृक्षारोपण, रस्सा-कस्सी, क्रिकेट, गोला फेंक, कैरम, वॉलीबॉल, रंगोली, वाहन रैली, जलेबी दौड़, चित्रकला तथा भाला फेंक एवं 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएँ शामिल रहीं। सभी प्रतिभागियों ने पूर्ण उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रमों में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
प्रतियोगिताओं के उपरांत प्रतिभागियों ने गौशाला में जाकर गौ-सेवा हेतु चारा डाला। स्वच्छ भारत अभियान के तहत संतोषी माता मंदिर में साफ-सफाई की गई। इसके अलावा राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा में मरीजों को फल वितरित किए गए और उन्हें स्वास्थ्य लाभ की शुभकामनाएँ दी गईं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थापित पुलिस कॉन्स्टेबल श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा ने होमगार्ड स्वयंसेवकों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की महत्वपूर्ण धाराओं एवं नवीनतम पुलिस एक्ट में किए गए संशोधनों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की, जिससे स्वयंसेवकों को विधिक प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण समझ प्राप्त हुई।
उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मान
वर्षभर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले आरक्षी सुभाष चौधरी, स्वयंसेवक छोटूलाल शर्मा, दिनेश कुमार, अविनाश व्यास, नारायण लाल, दिनेश कुमार एवं मोहनलाल सुथार को प्रशंसा पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य आरक्षी शान्तिलाल, लेखाधिकारी गजानन्द कुमावत, वरिष्ठ सहायक नरेन्द्र सिंह मीणा, देवेन्द्र सिंह, आरक्षी सुभाष चौधरी, अवैतनिक कम्पनी कमाण्डर राजनारायण, त्रिलोक प्रजापत, अवैतनिक प्लाटून कमाण्डर राजेन्द्र कुमार, अवैतनिक मुख्य आरक्षी राजमल, शशिकान्त, बोधसिंह, फारूख, रमेशचन्द, राकेश, विशाल, हरलेश कुमार एवं स्वयंसेवक छोटूलाल सहित गृह रक्षा संगठन के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
