ओमप्रकाश साहू नर्मदापुरम
संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्य प्रदेश श्री राम प्रताप सिंह जादौन ने नर्मदापुरम जिले में चल रही मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी नर्मदापुरम श्री राजीव रंजन पांडे, विधानसभा क्षेत्र होशंगाबाद के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री जय सोलंकी सहित एनएलएमटी श्री पंकज दुबे, निर्वाचन सुपरवाइजर श्री कैलाश दुबे एवं अन्य बीएलओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्री जादौन ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा कार्य में प्रगति नहीं दिखाई जा रही है, उन पर नियम अनुसार कार्यवाही की जाए तथा आवश्यकतानुसार नए बीएलओ की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बीएलओ सुपरवाइजर्स द्वारा मॉनिटरिंग में कमी पाए जाने पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसकी सतत और प्रभावी मॉनिटरिंग अनिवार्य है। बैठक में श्री जादौन ने मतदाता गणना प्रपत्र भरने तथा उसके डिजिटाइजेशन से जुड़ी बारीकियों को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं बीएलओ को चरणबद्ध तरीके से सभी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
समीक्षा के दौरान मतदान केंद्र क्रमांक 113, 162 और 87 के बीएलओ के कार्यों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने डिजिटाइजेशन कार्य की गति में और तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर की सभी कार्यवाहियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराई जाएँ, जिससे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य सुचारू, सटीक और समयबद्ध रूप से पूरा हो सके
