रोशनी आनंद वि. सिंह पन्ना -
120 लगभग हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में धान की फसल बर्बाद, खेतों में जलभराव से फसलें सड़ने लगीं
पवई- पिछले तीन दिनों से हो रही तेज़ बारिश ने किसानों की मेहनत पर कहर बरपा दिया है। क्षेत्र के अधिकांश खेत पानी में डूबे हुए हैं और धान की खड़ी फसल पूरी तरह झुक गई है। कई जगहों पर फसलें सड़ने लगी हैं, जिससे किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं।जानकारी के अनुसार पवई विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में लगभग 120 हेक्टेयर क्षेत्र की धान की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। कटाई के लिए तैयार फसल खेतों में गिर जाने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं जिन किसानों ने पहले ही धान की कटाई कर ली थी, उनकी कटी फसल खेतों में ही भीगकर खराब हो गई।किसानों ने बताया कि इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन लगातार हुई बारिश ने सारा गणित बिगाड़ दिया। खेतों में पानी भरने से अब मवेशियों का चारा तक सड़ने लगा है। कई किसानों ने बताया कि अब फसल से उत्पादन निकलना मुश्किल है और उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर राहत राशि देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द राहत नहीं मिली तो आगामी रबी फसल की तैयारी पर भी असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने यह भी बताया असमय बारिश इस कारण नुकसान और बढ़ गया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि कब तक नुकसान का सर्वे कर राहत प्रदान की जाएगी।
