Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

पार्षद नितिन गुप्ता ने उठाईं दो फाइलें, सीएमओ ने थाने में शिकायत दी – कांग्रेस ने की एफआईआर की मांग - NN81



खिरकिया नगर परिषद में फाइल विवाद - पार्षद नितिन गुप्ता ने उठाईं दो फाइलें, सीएमओ ने थाने में शिकायत दी – कांग्रेस ने की एफआईआर की मांग 


संजू नामदेव हरदा । नगर परिषद खिरकिया में फाइलों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार 26 अगस्त को वार्ड क्रमांक 10 के वरिष्ठ पार्षद नितिन गुप्ता ने उपयंत्री के कक्ष से दो महत्वपूर्ण फाइलें उठा लीं। इनमें अमृत 2.0 योजना के तहत पार्क विकास कार्य और छीपाबड़ तालाब गहरीकरण से जुड़ी फाइलें शामिल थीं।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी महेंद्र शर्मा ने घटना की सूचना छीपाबड़ थाने को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि पार्षद ने बिना अनुमति फाइलें उठाईं।


पार्षद का पक्ष


पार्षद नितिन गुप्ता ने कहा कि, “22 अगस्त को मैंने आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी, लेकिन सीएमओ ने जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। इसलिए अवलोकन के लिए फाइलें देखीं और बाद में वहीं रख दीं। घर नहीं ले गया। गोमुख पार्क और तालाब गहरीकरण के कामों में अनियमितताएं हैं, इसलिए फाइलों का अवलोकन किया।”


अध्यक्ष का पक्ष


नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रजीत कौर खनुजा ने कहा कि, “अविश्वास प्रस्ताव सफल न होने की आशंका के कारण कुछ पार्षद साजिश रचकर मुझे हटाना चाहते हैं। पहले भी मैंने फाइलों से छेड़छाड़ की आशंका जताई थी। सीएमओ की शिकायत के बाद फाइलें लौटाई गईं, अब यह जांच का विषय है कि दस्तावेज़ पूरे हैं या नहीं।”


कांग्रेस जिला अध्यक्ष का बयान...


कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन बिश्नोई ने कहा कि, “सीएमओ ने खुद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि नितिन गुप्ता ने फाइल चोरी की है। इससे पहले भाजपा समर्थित अध्यक्ष ने भी यही आशंका जताई थी। अब कहा जा रहा है कि फाइलें लौटा दी गईं, तो साफ है कि चोरी हुई थी। ऐसे में नितिन गुप्ता पर आपराधिक मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और 110 की कार्रवाई भी प्रस्तावित है। यदि यही काम कांग्रेस का कोई पार्षद करता तो तत्काल एफआईआर दर्ज हो जाती।


राजनीतिक पृष्ठभूमि


गौरतलब है कि नगर परिषद खिरकिया में इन दिनों भाजपा पार्षदों और भाजपा समर्थित अध्यक्ष के बीच खींचतान तेज़ है। अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा के ही 11 पार्षद अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। ऐसे माहौल में फाइल विवाद ने राजनीति को और गरमा दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes