Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

भीलवाड़ा में पत्रकारिता की विश्वसनीयता और एकजुटता पर मंथन,,,,,,,,,,,NN81



सुखपाल जाट पुनः प्रेस क्लब अध्यक्ष निर्वाचित, पत्रकार हितों के मुद्दों पर बने प्रस्ताव


 प्रेस क्लब भीलवाड़ा की वार्षिक साधारण सभा एवं अधिवेशन रविवार को महेश वाटिका में आयोजित हुआ। जिलेभर से आए पत्रकारों ने पत्रकारिता की चुनौतियों, संगठनात्मक एकता, पत्रकार हितों और मीडिया की विश्वसनीयता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। अधिवेशन में वरिष्ठ पत्रकार सुखपाल जाट को सर्वसम्मति से पुनः प्रेस क्लब भीलवाड़ा का अध्यक्ष चुना गया।


सभा में स्पष्ट किया गया कि प्रेस क्लब जिम्मेदार, नैतिक और जनहितकारी पत्रकारिता के पक्ष में खड़ा रहेगा तथा पत्रकारिता की आड़ में वसूली, ब्लैकमेलिंग और फर्जी पत्रकारिता करने वाले तत्वों को किसी प्रकार का संरक्षण नहीं दिया जाएगा।


कार्यक्रम की अध्यक्षता सुखपाल जाट ने की, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार कैलाश त्रिवेदी, मधु जाजू, हनुमान अग्रवाल, मनीष शर्मा सहित जिलेभर के पत्रकार मौजूद रहे।


पत्रकारिता की साख बचाने पर जोर


खुले सत्र में वक्ताओं ने तकनीकी बदलाव और सोशल मीडिया के दौर में तथ्यपरक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया। पत्रकार निलेश काठेड़ ने सत्य और तथ्यों के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने की बात कही, जबकि अंकुर बोरदिया ने सक्रिय पत्रकारों का सत्यापन कर अधिकृत सूची तैयार करने का सुझाव दिया।


वरिष्ठ पत्रकार रामेश्वरलाल सोनी ने जमीनी रिपोर्टिंग को पत्रकारिता की आत्मा बताया। वहीं सोमदत्त त्रिपाठी ने संतुलित रिपोर्टिंग के लिए हर समाचार में दोनों पक्षों को स्थान देने की आवश्यकता जताई।


फर्जी पत्रकारिता पर कार्रवाई की मांग


वरिष्ठ पत्रकार मनीष शर्मा ने पत्रकारिता के नाम पर अवैध वसूली और फर्जी मीडिया संगठनों की गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


ग्रामीण पत्रकारों को मिलेगा संगठनात्मक सहयोग


वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी ने शाहपुरा, गुलाबपुरा और आसींद में प्रेस क्लबों के सफल संचालन की जानकारी देते हुए अन्य ब्लॉक मुख्यालयों पर भी संगठन को मजबूत बनाने की बात कही।


प्रेस क्लब भवन के लिए भूखंड आवंटन प्रमुख मुद्दा


अध्यक्ष सुखपाल जाट ने बताया कि प्रेस क्लब भवन के लिए भूखंड आवंटन का मामला राज्य सरकार के स्तर पर विचाराधीन है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य अतिथि प्रशांत मेवाड़ा ने भी इस दिशा में सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।


सरकार को भेजा जाएगा ज्ञापन


सभा में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। पत्रकारों की विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया। इसमें प्रेस क्लब भवन हेतु भूखंड आवंटन, पत्रकारों को आवासीय भूखंड, टोल मुक्ति, शासकीय सूचनाओं की समयबद्ध उपलब्धता, सरकारी मान्यता, मीडिया समन्वय समिति का गठन, पत्रकार सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार जैसी मांगें शामिल हैं।


सर्वसम्मति से पुनः अध्यक्ष बने जाट


सभा में मौजूद 100 से अधिक सदस्यों ने हाथ उठाकर सुखपाल जाट के नाम का समर्थन किया, जिसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से पुनः अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र नई कार्यकारिणी के गठन की घोषणा की।


इस अवसर पर भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने भी सुखपाल जाट को बधाई देते हुए पत्रकार हितों और प्रेस क्लब भवन से जुड़े मुद्दों पर सहयोग का भरोसा दिलाया। सभा का समापन निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनोन्मुखी पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes