Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

खारी का लाम्बा गांव में मुख्यमंत्री का प्रातः भ्रमण, जनसंवाद और विकास की सौगातें........................NN81



 = मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा जिले के खारी का लाम्बा गांव में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह प्रातः भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।


मुख्यमंत्री ने 107 वर्षीय कुमकुम देवी एवं 102 वर्षीय ओंकार तेली से भेंट कर उनके स्वास्थ्य और जीवन अनुभवों की जानकारी ली। बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने घर-घर जाकर ग्रामीणों का हालचाल जाना और बच्चों को चॉकलेट वितरित कर स्नेह जताया।


मुख्यमंत्री ने रघुनाथ मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद फूल सागर तालाब किनारे योग कर रहे युवाओं के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए श्रमदान को बढ़ावा देने के निर्देश दिए तथा शीशम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।


ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने गांव की आवश्यकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। ग्रामीणों की मांग पर उप स्वास्थ्य केंद्र को क्रमोन्नत कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने तथा खेल मैदान विकसित करने की घोषणा की।


उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात आयोजित ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नए कृषि पर्यवेक्षक मुख्यालय की स्थापना, कृषि पर्यवेक्षक पद के सृजन तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान (जीव विज्ञान) एवं कृषि विज्ञान संकाय शुरू करने के आदेश शनिवार सुबह ही जारी कर दिए गए। आदेश मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।


ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने गांव में रात्रि विश्राम कर उनकी समस्याओं को नजदीक से समझा और उनके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री की जनसंवाद आधारित कार्यशैली और संवेदनशीलता की ग्रामीणों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।


इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक जब्बर सिंह सांखला, लालाराम बैरवा, गोपीचंद मीणा, प्रशांत मेवाड़ा, पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह, संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक सागर राणा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes