नंदुरबार जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली देसी शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 10 लाख 17 हजार 500 रुपये मूल्य का माल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अश्विनी सानप के निर्देशानुसार अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 17 जून 2026 को स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक हेमंत पाटिल को गुप्त सूचना मिली कि म्हसावद पुलिस थाना क्षेत्र के जुगलबाड़ी पाडा इलाके में स्पिरिट का उपयोग कर नकली देसी शराब बनाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारकर एक कोलार (झोपड़ीनुमा) घर में चल रहे अवैध शराब निर्माण केंद्र का खुलासा किया। मौके से आरोपी लक्ष्मण हल्या पाडवी (31 वर्ष), निवासी तलावडी पाड़ा, धनाजे बु., तहसील धड़गांव, जिला नंदुरबार को हिरासत में लिया गया।
जब्त सामग्री में शामिल हैं:
39 बक्से नकली देसी शराब – ₹1,56,000
150 लीटर स्पिरिट – ₹45,000
शराब की बोतलों के ढक्कन लगाने की इलेक्ट्रिक मशीन – ₹1,00,000
शराब निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री – ₹1,16,500
बोलेरो कैम्पर वाहन (MH 39 J0944) – ₹7,00,000
कुल जब्ती: ₹10,17,500
आरोपी के खिलाफ म्हसावद पुलिस थाने में गुन्हा क्रमांक 229/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 123 तथा महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65(ई) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अश्विनी सानप और अपर पुलिस अधीक्षक अश्विन कांबले के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक हेमंत पाटिल तथा उनकी टीम द्वारा की गई।
जाविद शेख
