। गाँधीनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरियर कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी को पार्सल से मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 मोबाइल फोन और एक एप्पल कंपनी का लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशानुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन के निर्देशन एवं वृताधिकारी शहर सज्जन सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी पुष्पा कासोटिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
थानाधिकारी पुष्पा कासोटिया ने बताया कि 23 अप्रैल 2026 को भीलवाड़ा टेक्सटाइल मार्केट निवासी चन्द्रशेखर शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कोरियर कंपनी के एक कर्मचारी द्वारा ग्राहकों के पार्सल से 15 मोबाइल, एक एप्पल लैपटॉप सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए है। इस पर थाना गाँधीनगर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आरोपी मानवेन्द्र सिंह सांखला (19) निवासी कटार, तहसील आसींद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा वारदात करना स्वीकार करने पर उसके कब्जे से 12 मोबाइल और एक एप्पल लैपटॉप बरामद किया गया।
इस टीम ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाधिकारी पुष्पा कासोटिया के साथ हेड कांस्टेबल जगदीश चंद्र, अनिरुद्ध सिंह, कांस्टेबल गिर्राज और रसीद खान का विशेष योगदान रहा।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
