Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

शिक्षा विभाग यू-डाईस प्रमाणीकरण के नाम पर कर रहा निजी स्कूलों को परेशान :-NN81







11 साल से अटका है सैकड़ों स्कूलों का नवीनीकरण, अब यू-डाईस के लिए मांग रहे वही दस्तावेज


सुवाणा ब्लॉक कार्यालय में तकनीकी अनभिज्ञता का बहाना बनाकर संचालकों को किया जा रहा है गुमराह


  भीलवाड़ा जिला निजी शिक्षण संस्थान संघ ने शिक्षा विभाग और सुवाणा ब्लॉक कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया है। संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन देवलिया ने जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) को ज्ञापन सौंपकर यू-डाईस प्रमाणीकरण में आ रही बाधाओं और विभाग के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाए हैं। जिलाध्यक्ष देवलिया ने बताया कि जिले के लगभग 800 निजी स्कूलों के नवीनीकरण आदेश वर्ष 2014 से लंबित हैं। जब विभाग ने स्वयं पोर्टल बंद कर रखा है, तो यू-डाईस सर्टिफिकेशन के लिए नवीनीकरण की प्रति मांगना तर्कहीन है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये स्कूल ’अनाधिकृत’ हैं, तो पिछले 11 वर्षों से आरटीई के तहत इनका भौतिक सत्यापन कैसे हो रहा है और विभाग के कर्मचारी इसका लाभ कैसे ले रहे हैं ? संघ ने आरोप लगाया कि सुवाणा ब्लॉक कार्यालय में यू-डाईस कार्य के नाम पर पिछले दो माह से संचालकों को चक्कर कटवाए जा रहे हैं। ऑनलाइन डेटा भरने के बावजूद ’सर्टिफाइड प्रमाण पत्र’ जारी नहीं किए जा रहे। तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर निजी स्कूलों का शैक्षणिक कार्य बाधित किया जा रहा है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि यू-डाईस पोर्टल पर उपलब्ध ’टेम्परेरी सर्टिफिकेट’ विकल्प का प्रयोग कर गतिरोध तुरंत समाप्त किया जाए, पोर्टल खुलने पर नवीनीकरण कार्य पूर्ण करने हेतु स्कूलों को पाबंद किया जाए, लेकिन वर्तमान में यू-डाईस न रोका जाए। अर्जुन देवलिया ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शिक्षा विभाग ने इस समस्या का अविलंब निस्तारण नहीं किया, तो जिला संगठन विभाग के विरुद्ध उग्र आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान शहर अध्यक्ष दिनेश छीपा, महेन्द्र शर्मा, सत्यप्रकाश तिवाड़ी, भुवनेश्वर तिवाड़ी, दुर्गेश लखारा, महेश चन्द्र राठौड़, दिनेश कुमार गौड़, सुनील कुमार बैरवा, दिनेश छीपा पुर, अशोक आमेटा, विजेश पहाड़िया आदि उपस्थित थे।

 न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण माली

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes