भीलवाड़ा जिले की अंतिम सीमा पर स्थित नेगड़िया खेड़ा से फुकिया स्कूल तक बनी डामरीकरण सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार इस सड़क का निर्माण कार्य 13 नवम्बर 2023 को पूर्ण किया गया था और निर्माण एजेंसी द्वारा 5 वर्ष की गारंटी अवधि निर्धारित की गई थी।
हालांकि, निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग किए जाने के आरोपों के चलते यह सड़क महज दो वर्ष में ही खड्डों में तब्दील हो गई है। सड़क की सतह से डामर उखड़कर जगह-जगह बिखर रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के कारण निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसका परिणाम यह हुआ कि सड़क समय से पहले क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीणों व क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा गारंटी अवधि के अंतर्गत तत्काल सड़क का नवीनीकरण कराया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
