राजस्थान राजसमंद देवगढ़ उपखंड क्षेत्र के सोहनगढ़ गांव में मगरा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों का एक भव्य और गौरवशाली सम्मेलन आयोजित किया गया। इस गौरव सेनानी सम्मेलन में दिवेर से लेकर ब्यावर तक के सैंकड़ों पूर्व सैनिकों ने शिरकत की, जहां उनके अधिकारों, पेंशन विसंगतियों और सामाजिक सरोकारों पर विस्तृत चर्चा की गई।
ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में कैप्टन नारायण सिंह और उनके परिवार पुत्र नरेंद्र सिंह, संजय सिंह व सीता देवी द्वारा पधारे हुए सभी पूर्व सैनिकों का माला और साफा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच सैनिकों का सम्मान किया गया और सभी के लिए सामूहिक भोज का आयोजन हुआ।
प्रमुख मुद्दे: 8वां वेतन आयोग और पेंशन विसंगतियां
सम्मेलन के दौरान पूर्व सैनिकों ने अपने हक की आवाज बुलंद करते हुए कई महत्वपूर्ण तकनीकी और आर्थिक मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया जिसमें 8वां वेतन आयोग: नए वेतन आयोग के लागू होने पर पेंशन और भत्तों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर चर्चा हुई।
पेंशन विसंगतियां: पेंशन से जुड़ी तकनीकी समस्याओं और पूर्व सैनिकों के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया वेलफेयर योजनाएं: पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई ताकि हर पात्र परिवार को लाभ मिल सके।
मगरा क्षेत्र में एकता की मिसाल
सम्मेलन में वक्ताओं ने मगरा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों के जज्बे और एकता की विशेष सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि आज इस क्षेत्र के पूर्व सैनिक एक परिवार की तरह जुड़े हुए हैं। चाहे खुशी का मौका हो या गम का, ये साथी हमेशा साथ खड़े रहते हैं। विशेषकर, दिवेर से ब्यावर तक यदि किसी पूर्व सैनिक का निधन होता है, तो ये सभी साथी एकजुट होकर वहां पहुंचते हैं और अपने साथी को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देकर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक सम्मेलन में क्षेत्र के कई वरिष्ठ और युवा गौरव सेनानी उपस्थित रहे, जिनमें कैप्टन रंजीत सिंह, नारायण सिंह, सूबेदार वना सिंह, पूनम सिंह, कुंदन सिंह, शेर सिंह, राजेंद्र सिंह, हीरा सिंह, हजारी सिंह, डूंगर सिंह, डाउ सिंह, शंकर सिंह, प्रताप सिंह, गिरधारी सिंह, त्रिलोक सिंह, धन्ना सिंह, सवाई सिंह, बाबू सिंह, मोहन सिंह, हरि सिंह, लक्ष्मण सिंह और बाबू सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक शामिल हुए।
