भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे में बुधवार को मौसम ने अचानक भयानक रूप ले लिया। शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ गड़गड़ाहट शुरू हुई और कुछ ही देर में मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि होने लगी।
बारिश और ओलों के कारण खेतों व सड़कों पर सफेद चादर जैसी परत बिछ गई। तेज हवा, भारी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की खेतों में खड़ी रबी फसल को भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार गेहूं, चना और सरसों की फसल को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है। कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
वहीं तेज बारिश के चलते मांडल बस स्टैंड, दशहरा चौक और मांडल थाने के बाहर पानी के साथ कचरा भी इकट्ठा हो गया। इससे आम लोगों और थाने में आने-जाने वाले पुलिस जवानों को गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के बाद कस्बे में सफाई व्यवस्था शुरू कराई जाए तथा किसानों को फसल नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाया जाए।
संवाददाता नारायण लाल खारोल
