हरदा जिले के टिमरनी क्षेत्र में एक वरिष्ठ पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले और लूट की घटना से जिलेभर में आक्रोश फैल गया है। सिराली क्षेत्र के पत्रकारों ने सिराली में एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक हरदा के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में तत्काल मामला दर्ज करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 फरवरी 2026 की रात करीब 10:50 बजे टिमरनी के वरिष्ठ पत्रकार महेश उत्तम गिरी अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे। तभी शीतला माता मंदिर के पास दत्त मंदिर के सामने तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उनके गले से लगभग 10 ग्राम वजन की सोने की चेन लूट ली तथा धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी एक-दूसरे को नाम लेकर पुकार रहे थे और “जिंदा मत छोड़ना” जैसे शब्द कहते हुए लगातार हमला कर रहे थे। किसी तरह जान बचाकर भागे पत्रकार का बदमाशों ने पीछा भी किया, लेकिन आसपास लोगों के पहुंचने पर आरोपी गांधी चौक की ओर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें लूट और हमला स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद टिमरनी थाना पुलिस ने इसे मामूली झगड़ा बताते हुए केवल मेडिकल प्रक्रिया पूरी की और अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है, जिससे पत्रकारों में भारी नाराजगी है।
इस मामले को लेकर सिराली सहित जिलेभर के पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक हरदा के नाम सिराली टीआई को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पत्रकारों का कहना है कि जब पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। उन्होंने दोषी पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान असलम मंसूरी, शंभू कनौजिया, संजय दुबे, संजय योगी, असलम खान, गोलू मंसूरी, पप्पू मंसूरी और शेख अफरोज सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।
संवाददाता अनिल मालवीय जिला हरदा एमपी से .
