न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण माली
भीलवाड़ा। सनातन धर्म की अखंड परंपरा, साधना और सेवा भाव को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर, भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने जयपुर में राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं उप मुख्यमंत्री व जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से शिष्टाचार भेंट की। इस आध्यात्मिक मुलाकात के दौरान स्वामी हंसराम उदासीन ने दोनों उप मुख्यमंत्रियों को 19 से 26 फरवरी तक भीलवाड़ा में आयोजित होने वाले भव्य सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह का पावन आमंत्रण प्रदान किया। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि एक संगत-एक पंगत, एक भाषा- एक भूषा की भावना से हो रहे इस भव्य आयोजन में आठ दिन तक धर्म ओर भक्ति की भावना से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, वैदिक परंपराओं और आत्मिक उत्थान का दिव्य उत्सव है। इस महायज्ञ के माध्यम से समाज में भक्ति, सेवा, त्याग और सदाचार के संस्कारों का संचार होगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान आश्रम के तीन ब्रह्मचारियों को विधिपूर्वक सन्यास दीक्षा प्रदान की जाएगी, जो गुरु-शिष्य परंपरा और सनातन साधना की अविरल धारा को आगे बढ़ाने का पावन कार्य है। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने इस आध्यात्मिक आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का सशक्त माध्यम बताया तथा महोत्सव की सफलता के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर आश्रम के ब्रह्मचारी कुनाल, लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त महामंत्री रविंद्र कुमार जाजू, वाल्मीकि समाज के पदाधिकारी छीतर मल गैंगट आदि उपस्थित रहे। सनातन मंगल महोत्सव श्रद्धा, साधना और सेवा का ऐसा दिव्य संगम होगा, जो जन-जन को आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित करेगा।
