गोंदिया: आगामी नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) की उम्मीदवार, प्राध्यापक डॉ. माधुरी नासरे, ने गोंदिया शहर की जनता के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए कमर कस ली है। एक चुनावी वक्तव्य जारी करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वह गोंदिया की वर्तमान स्थिति में मौजूद मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए चुनावी मैदान में उतरी हैं।
डॉ. नासरे ने गोंदिया की सबसे बड़ी चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज शहर में हर चौक-चौराहे पर ट्रैफिक जाम की विकट समस्या बनी हुई है, जिससे आम नागरिक, खासकर कामकाजी लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके अलावा, शहर में पर्याप्त सुलभ शौचालयों का अभाव है, जो सार्वजनिक स्वच्छता और महिलाओं की सुविधा के दृष्टिकोण से एक गंभीर मुद्दा है। उन्होंने शहर के कोने-कोने में पसरी गंदगी और अव्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की।
विकास का श्रेय प्रफुल्ल पटेल को
अपने चुनावी अभियान को मजबूती देते हुए डॉ. नासरे ने गोंदिया शहर के पूर्व विकास कार्यों का उल्लेख किया और इसका पूरा श्रेय वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल भाई पटेल को दिया। उन्होंने कहा, "गोंदिया शहर का अगर किसी ने व्यवस्थित और दूरगामी विकास किया है, तो वह प्रफुल्ल भाई पटेल ही हैं। उनके मार्गदर्शन और दृष्टि को आगे बढ़ाते हुए ही हम शहर को एक नई दिशा देंगे।"
महिला सशक्तिकरण और स्थायी कचरा प्रबंधन पर जोर
डॉ. नासरे ने अपने घोषणापत्र के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वह नगर परिषद के माध्यम से महिलाओं के उत्थान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कार्य करेंगी। इसके अतिरिक्त, शहर की सबसे पुरानी समस्या कचरा डंपिंग को सुलझाने के लिए स्थायी और वैज्ञानिक डंपिंग यार्ड की व्यवस्था करना उनका दूसरा महत्वपूर्ण एजेंडा है, ताकि शहर को गंदगी के ढेर से मुक्ति मिल सके।
प्राध्यापक डॉ. माधुरी नासरे ने गोंदिया शहर के रुके हुए विकास को गति देने और उपर्युक्त सभी समस्याओं का निवारण करने के लिए स्वयं को नगर परिषद अध्यक्ष पद की उम्मीदवार घोषित किया है। उन्होंने गोंदिया की जागरूक जनता से अपील करते हुए अंत में कहा, "गोंदिया शहर के उज्जवल भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए जनता हमें अपना अमूल्य मतदान जरूर देगी।"
सऺवाददाता
मुमताज अली सैय्यद
गोदिया
