संवाददाता : बृजेश कुमार पांडेय
वचालीसा महोत्सव के अंतिम शुक्रवार पर झूलेलाल मंदिर में मची धूम,
गाडरवारा हिंदू सिंधी समाज के आराध्य भगवान श्री झूलेलाल जी की कृपा के 40 दिवसीय वचालीसा महोत्सव का समापन ,,,,,,,,,,,,,,,,,, शुक्रवार को गाडरवारा स्थित झूलेलाल मंदिर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ हुआ। 17 जुलाई से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन के अंतिम शुक्रवार को मंदिर में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही।
मंगलानी परिवार द्वारा सर्वप्रथम सेहरा वाले साईं से प्राप्त पवित्र जल से भगवान श्री झूलेलाल जी का अभिषेक-स्नान कराया गया। इसके बाद भगवान का नए वस्त्रों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। महिला मंडल एवं मंगलानी परिवार द्वारा ज्योत प्रज्वलित कर बहराणा साहिब एवं आस की मटकी की स्थापना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समाज, परिवार एवं राष्ट्र के कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में नागपुर से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक सुशील कुमार उदासी ने भगवान श्री झूलेलाल जी की महिमा और लीलाओं पर आधारित गीत एवं भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के दौरान सिंधी समाज के बच्चे, युवा, बुजुर्ग एवं महिलाएं भक्ति में झूम उठे। श्रद्धालुओं ने बहराणा साहिब को सिर पर धारण कर नाचते-गाते हुए भगवान श्री झूलेलाल जी की आराधना की।
भजन कार्यक्रम के उपरांत पल्लव प्रार्थना एवं महाआरती का आयोजन हुआ। इस अवसर पर स्टेशन गुरुद्वारा के भाई साहब जी एवं झूलेलाल मंदिर के मुख्य सेवादारी राजेश भाई साहब की विशेष उपस्थिति रही। इसके बाद बहराणा साहिब एवं पवित्र ज्योत को मां नर्मदा में विधिवत परवान किया गया।
कार्यक्रम में गाडरवारा सिंधी समाज की अभूतपूर्व उपस्थिति रही। सिंधी युवा समिति एवं समाज के युवाओं के सहयोग से भंडारा-प्रसादी एवं सेवा कार्य भी मंगलानी परिवार द्वारा कराया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भगवान श्री झूलेलाल जी के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।

