संवाददाता : दयानन्द कुमार
बंदरों के आतंक से मिलेगी राहत, डीएम कविता मीना ने अधिकारियों को दिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश : NN81
हापुड़। जनपद में बंदरों की बढ़ती संख्या और उनके कारण किसानों व आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बंदरों की समस्या के स्थायी समाधान और मानव-वानर संघर्ष को कम करने के उपायों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों की बढ़ती संख्या के चलते किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, आबादी वाले क्षेत्रों में बंदरों की मौजूदगी से आमजन को भी अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
बंदरों को पकड़ने और नसबंदी पर जोर
जिलाधिकारी ने बंदरों की संख्या नियंत्रित करने के लिए उन्हें पकड़ने, नियमानुसार सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा नसबंदी अभियान चलाने की संभावनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मानव और बंदरों के बीच होने वाले संघर्ष को रोकने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
नगर निकायों को भी सौंपी जिम्मेदारी
डीएम कविता मीना ने नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बंदरों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निकाय वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था करें तथा उनके सुरक्षित प्रबंधन के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आपसी तालमेल के साथ कार्य किया जाए, जिससे किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान में कमी आए और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के सचिव, प्रभागीय वन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

