लॉकेशन कवर्धा छत्तीसगढ़
कवर्धा में तेंदुए की तलाश तेज, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई :
कवर्धा। कवर्धा नगर और आसपास के वनक्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी की सूचनाओं के बीच वन विभाग ने निगरानी और रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। पिछले करीब दो सप्ताह से विभिन्न इलाकों में गश्त के साथ ड्रोन से निगरानी की जा रही है। वहीं, तेंदुए से संबंधित अपुष्ट खबरें और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार भ्रामक फोटो-वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वन विभाग के अनुसार, कवर्धा और भोरमदेव अभयारण्य की टीम प्रतिदिन सुबह 4 से 8 बजे तक तथा शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक शिक्षक कॉलोनी, राजमहल, समनापुर रोड, खूंटू रोड, साधना नगर, लकड़ी टाल, मठपारा, नवीन बाजार और 17वीं बटालियन परिसर में गश्त कर रही है। क्षेत्र की निगरानी के लिए दिन में सामान्य ड्रोन और रात में थर्मल ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है।
तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए बिलासपुर के कानन पेंडारी और रायपुर के जंगल सफारी से वन्यजीव विशेषज्ञों को बुलाया गया है। विशेषज्ञों की देखरेख में लकड़ी टाल, मठपारा, नवीन बाजार और 17वीं बटालियन परिसर में पिंजरे लगाए गए हैं। इनमें बकरी रखकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
वन विभाग का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर असत्य या अपुष्ट सूचनाएं तथा AI से तैयार फोटो-वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इससे लोगों में भय का माहौल बन रहा है और रेस्क्यू अभियान भी प्रभावित हो सकता है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि भ्रामक सामग्री तैयार करने, प्रसारित करने या आगे भेजने वालों के विरुद्ध प्रचलित कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इसके लिए साइबर सेल और पुलिस की मदद से जांच कर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही गई है।
वन विभाग की लोगों से अपील
वन विभाग ने नागरिकों से अपुष्ट फोटो, वीडियो और संदेश साझा नहीं करने की अपील की है। तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास जाने, पीछा करने, फोटो-वीडियो बनाने या भीड़ लगाने से बचने को कहा गया है। साथ ही रात और अलसुबह अकेले बाहर निकलने से बचने तथा बच्चों और पालतू पशुओं का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
तेंदुआ दिखाई देने पर वन विभाग को तत्काल सूचना देने के लिए परिक्षेत्र अधिकारी, कवर्धा एवं भोरमदेव अभयारण्य के मोबाइल नंबर 9981426667 और 7000030662 जारी किए गए हैं। विभाग ने कहा है कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए आवश्यक प्रयास लगातार जारी हैं।

