Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

बिजली कटौती के विरोध में 14 अक्टूबर को घेराव, नेशनल हाईवे 752सी जाम करने की चेतावनी - NN1



(मध्य प्रदेश) 

काला पीपल से शिव प्रसाद अकेला की रिपोर्ट 

अरनिया कलां ( शिव प्रसाद अकेला)

 क्षेत्र में बिजली की अघोषित कटौती को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लगातार बिजली गुल रहने से परेशान ग्रामीणों ने अब आंदोलन का ऐलान किया है। ब्लॉक कांग्रेस प्रमुख रामप्रसाद सोनानिया के नेतृत्व में 14 अक्टूबर को विद्युत वितरण केंद्र अरनिया कलां का घेराव कर नेशनल हाईवे 752सी जाम करने की चेतावनी दी गई है। इससे पहले 12 अक्टूबर को बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नायब तहसीलदार शिल्पा सिंह और सुपरवाइजर जय परमानंदानी को ज्ञापन सौंपा।

नवरात्र में बिजली कटौती से धार्मिक आयोजनों पर असर

क्षेत्र में इन दिनों नवरात्र का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जगह-जगह दुर्गा पंडाल सजे हैं और धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। ऐसे में बिजली की बार-बार कटौती से उत्सव की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और आम नागरिक बिजली समस्या से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती का कोई निश्चित समय नहीं होने से रोजमर्रा के कामकाज के साथ धार्मिक आयोजनों में भी परेशानी हो रही है।

अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने का आरोप

ब्लॉक कांग्रेस प्रमुख रामप्रसाद सोनानिया ने विद्युत वितरण केंद्र के अधिकारियों पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी शिकायतों के लिए फोन करने पर अधिकारी कॉल तक रिसीव नहीं करते, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। सोनानिया के अनुसार, क्षेत्र के 25 से 30 गांवों के करीब 20 से 25 हजार लोग बिजली कटौती से प्रभावित हैं।

14 अक्टूबर तक सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन

रामप्रसाद सोनानिया के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 14 अक्टूबर तक बिजली कटौती में सुधार नहीं हुआ तो विद्युत वितरण केंद्र अरनिया कलां का घेराव कर नेशनल हाईवे 752सी जाम किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या नुकसान के लिए विद्युत वितरण केंद्र के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराने की चेतावनी भी दी।

बिजली कटौती को लेकर क्षेत्र में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। अब सबकी निगाहें विद्युत विभाग पर हैं कि वह प्रस्तावित आंदोलन से पहले आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes